Home क्षेत्रीय खबरें / अन्य खबरें बस्तर पुलिस की त्रिवेणी कर रही है नक्सल वाद का खात्मा, पुलिस के...

बस्तर पुलिस की त्रिवेणी कर रही है नक्सल वाद का खात्मा, पुलिस के प्रति बढ़ते विश्वास की वजह से 589 गांव हुए नक्सलमुक्त

150
0

जगदलपुर। बस्तर की तस्वीर अब बदलने लगी है। नव वर्ष मिलन कार्यक्रम में बस्तर रेंज आईजी सुंदर राज पी ने जो आंकड़े प्रस्तुत किए उन्हें देखने के बाद एक सुखद अनुभूति हुई कि बस्तर में नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसे गिन रहा है। नक्सली वारदातों में काफी कमी आई है। छत्तीसगढ़ पुलिस की त्रिवेणी विश्वास,सुरक्षा और विकास के बदौलत बस्तर संभाग के 2710 गांवों में से 589 गांव माओवाद से मुक्त हो गए हैं। पुलिस के प्रति बढ़ते विश्वास की वजह से लोग अब पुलिस को सहयोग करने खुलकर सामने आने लगे हैं। बस्तर के ग्रामीण अब समझ गए हैं कि विकास से ही उनका भविष्य उज्ज्वल हो सकता है।

श्री सुंदरराज ने बताया कि नक्सली क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा पुलिस कैंप खोले जा रहे हैं इसलिए नक्सली अब बेकफुट पर आ गए हैं। सड़क और महत्त्वपूर्ण पुल पुलियों का निर्माण किया जा रहा है सड़कों के निर्माण से बस्तर के हर कोने में विकास पहुँचने लगा है। 135 गांवों को मॉडल गांव बनाया जाएगा जहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य की दिशा में भी कार्य किया जायेगा।

विगत चार सालों में बंद पड़े 314 स्कूलों को फिर से खोला गया है ताकि शिक्षा की अलख जगाकर बस्तर का भविष्य गढ़ा जा सके। 196 ग्रामों में विद्युतिकरण का कार्य किया गया। कम्युनिटी पुलिसिंग के जरिये विभिन्न अभियान चलाकर लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। अब लगने लगा है कि बहुत जल्द बस्तर नक्सल वाद से मुक्त हो जायेगा।