Home राजनीति बस्तर में भाजपा के चार प्रत्याशी संघ की पसंद के! जगदलपुर, कोण्डागांव,...

बस्तर में भाजपा के चार प्रत्याशी संघ की पसंद के! जगदलपुर, कोण्डागांव, चित्रकोट और कोण्टा में होंगे नए प्रत्याशी, दिनेश कश्यप बस्तर से उतरेंगे मैदान में

3162
0

करमजीत कौर

जगदलपुर। बस्तर संभाग के बारह विधानसभा क्षेत्रों में चार प्रत्याशी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पसंद के होंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों की समाक्षा करने पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने पार्टीजनों से साफ कह दिया है कि टिकट एक ही व्यक्ति को मिलेगी। उसके लिए सभी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करना होगा क्योंकि भारतीय जनता पार्टी हमारी मां है और मां के साथ विश्वासघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय अधिकारी विनोद कुमार के साथ रायपुर में मंत्रणा करने के बाद सौदान सिंह पिछले तीन दिनों से जगदलपुर में हैं और बारी-बारी से हर विधानसभा के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के अलावा दावेदारों के साथ विस्तार से चर्चा कर रहे हैं। अपने प्रवास के अंतिम दिन उन्होंने बुधवार को जगदलपुर और नारायणपुर विधानसभा के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। पिछले चुनाव में बारह में से सिर्फ चार सीटें जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी इस बार बस्तर संभाग पर पूरा फोकस कर रही है। प्लस 65 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा बस्तर की अधिक से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने की रणनीति बना रही है।

संघ का हस्तक्षेप 
प्लस 65 का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पूर्व में भी सलाह दी है कि प्रत्याशियों को बदले बिना यह लक्ष्य हासिल करना असंभव है। संघ ने बस्तर संभाग में चार स्थानों पर अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है और इस फैसले से भाजपा को अवगत करा दिया है। संकेत मिले हैं कि भाजपा संघ की सलाह पर बस्तर संभाग की चार सीटों पर उसके प्रत्याशी उतारने के लिए सहमत हो चुकी है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में संघ ने अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है, उसमें कोण्डागांव, जगदलपुर, चित्रकोट और कोण्टा शामिल हैं। इनमें केवल जगदलपुर में भाजपा का कब्जा है। बाकी के तीन विधानसभा क्षेत्रों में पिछले चुनाव में भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ा था।

ये हैं इनकी पसंद
वैसे तो बस्तर की सभी सीटों में भाजपा दावेदारों की संख्या पर्याप्त है लेकिन संभाग के एकमात्र अनारक्षित विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर में दावेदारों की संख्या सर्वाधिक है। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सौदान सिंह की पसंद वर्तमान विधायक संतोष बाफना हैं। पूर्व महापौर किरण देव को मुख्यमंत्री, संजय पाण्डेय को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक,श्रीनिवास राव मद्दी को पार्टी के संगठन महामंत्री पवन साय तथा बृजेश (नीटू) सिंह भदौरिया को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पसंद बताया जा रहा है। इनके अलावा युवा आयोग के अध्यक्ष कमलचंद्र भंजदेव अपने ननिहाल गुजरात के सम्पर्क से जगदलपुर पर दावा कर रहे हैं।

केदार का विकल्प नहीं, दिनेश उतरेंगे मैदान में
संभवत: यह पहला मौका होगा, जब बस्तर में एक ही परिवार के दो सदस्य (सगे भाई) चुनाव मैदान पर होंगे। संघ के एक आला नेता ने बताया कि संघ और भाजपा मंत्री केदार कश्यप को चुनाव लड़ाने के पक्ष में नहीं है लेकिन नारायणपुर में कोई विकल्प नहीं होने के कारण उन्हें फिर से मौका दिया जा सकता है। इसी तरह बस्तर में डॉ. सुभाउ कश्यप और जिला पंचायत अध्यक्ष जबिता मण्डावी की कमजोर स्थिति को देखते हुए सांसद दिनेश कश्यप को मैदान पर उतारने की तैयारी की जा रही है। ऐसा स्थिति में अगले साल मई में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव में बस्तर संसदीय क्षेत्र से डॉ. सुभाउ कश्यप पर पार्टी दांव खेल सकती है।

जबिता ने किया निराश
बस्तर संभाग में कम से कम दो महिलाओं को प्रत्याशी बनाए जाने की भाजपा की रणनीति को बड़ा झटका लगा है। पार्टी इस तैयारी में थी कि बस्तर विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत अध्यक्ष जबिता मण्डावी को मौका दिया जाएगा परंतु अनेक सर्वेक्षणों की रिपोर्ट में जबिता मण्डावी का प्रदर्शन बेहद कमजोर निकला। पार्टी की नजरों में वे एक कमजोर प्रत्याशी साबित हो सकती थीं क्योंकि जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए वे अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने में उम्मीद के अनुरूप कामयाब नहीं हो पाई हैं।

कोण्टा पर दांव
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को इस बात पर नाराजगी है कि राज्य निर्माण के बाद विधानसभा के लिए हुए तीनों चुनाव में भाजपा कोण्टा विधानसभा से अपना खाता नहीं खोल पाई है। इसी कारण संघ ने तय किया है कि इस चुनाव में वह अपने प्रत्याशी को मैदान पर उतारेगी और उसके लिए पूरा प्रयास करेगी ताकि इस बार कोण्टा से भाजपा का खाता खुल सके।