Home राजनीति भूपेश सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का एक...

भूपेश सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन, राज्य की महिलाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर प्रियंका गांधी के नाम सौंपा ज्ञापन

193
0

 

जगदलपुर। भूपेश सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने आज शहर के सिरहासार चौक में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। साथ ही प्रियंका गांधी के नाम तहसीलदार तोकापाल को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि छतरी पावन धरती के वनांचल बस्तर प्रवास पर आपका स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य की महिलाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा आपका ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग करता है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव की हैसियत से अपनी राज्य सरकार को निर्देशित करें कि वह तत्काल इन उचित मांगों को पूर्ण करे, ताकि छत्तीसगढ़ की महिलाएं सम्मान एवं सुरक्षा के साथ जीवन जी सकें।

1. आप अवगत हैं कि आपकी पार्टी ने वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के जन घोषणा पत्र में शराबबंदी लागू करने का वादा किया था। कांग्रेस का घोषणा पत्र छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अंगीकृत किया है। अतः शराबबंदी लागू करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है लेकिन साढ़े चार साल बाद भी शराबबंदी लागू नहीं की गई है। सरकार की कोई मंशा नहीं है कि शराबबंदी लागू की जाए। यह महिलाओं के साथ कांग्रेस का विश्वासघात है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को तत्काल शराबबंदी लागू करने का निर्देश दें।

2.कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में महिला स्वसहायता समूह का कर्ज माफ करने का वादा किया था। अब तक स्व सहायता समूह की बहिनें वादा पूरा होने की प्रतीक्षा कर रही हैं। अंतिम बजट में भी इसका वादा पूरा नहीं हुआ। वह वादाखिलाफी है। तत्काल महिला स्व सहायता समूह का कर्ज माफ करने मुख्यमंत्री को निर्देश दें।

3. आप कहती हैं कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं। इसके विपरीत आपकी भूपेश बघेल सरकार ने महिलाओं को जीवन की जरूरतें पूरी करने के लिए लड़ने लायक नहीं छोड़ा। रेडी टू ईट का काम करने वाली गरीब बहिनों से काम छीन लिया। आप अपने मुख्यमंत्री को निर्देश दें कि इन बहिनों को उनका काम वापस दें ताकि वे अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर सकें।

4.जिस छत्तीसगढ़ में अभूतपूर्व स्वागत में आपकी गाड़ी ने हजारों किलो गुलाब की पंखुड़ियों को रौंदा, उस छत्तीसगढ़ में फूल सी कोमल बेटियों से लेकर बुजुर्ग माताओं तक को दरिंदों द्वारा रौंदा जा रहा है। आपके मुख्यमंत्री को कुछ दिखाई नहीं देता। आप एक संवेदनशील महिला होने के नाते इस कड़वी सच्चाई को देख लें और महिला उत्पीड़न रोकने के लिए अपने मुख्यमंत्री को निर्देश दें। महिला मोर्चा कांग्रेस शासन में महिला आक्रोश की अभिव्यक्ति के लिए एक लाख महिलाओं के साथ महतारी हुंकार रैली निकाल चुका है लेकिन आपके मुख्यमंत्री को न तो माताओं, बहनों, बेटियों की करुण पुकार सुनाई देती और सत्ता के अहंकार के कारण न ही उनकी हुंकार सुनाई दे रही। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ते अपराध पर आप संज्ञान लेते हुए महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने मुख्यमंत्री को निर्देश दें।

5.कांग्रेस के घोषणा पत्र में हर पुलिस थाने में हेल्प डेस्क का वादा किया गया था। वह तो पूरा हुआ नहीं। बल्कि कांग्रेस के राज में दुष्कर्म पीड़िता पर आरोपी के साथ समझौता करने पुलिस द्वारा दबाव बनाने की शर्मनाक स्थिति अवश्य सामने आ गई। आपकी सरकार छत्तीसगढ़ में छह माह की मेहमान है। यह सरकार महिलाओं से शापित है। नारी शक्ति कांग्रेस सरकार को क्षमा तो नहीं कर सकती लेकिन छह माह के लिए ही सही आपने महिलाओं पर अत्याचार रुकवाने महिलाओं की सहायता की व्यवस्था करवा दी तो आपकी सरकार के कुछ पापों का प्रायश्चित हो जायेगा। अन्यथा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के अस्तित्व पर वैसा ही संकट सुनिश्चित है, जैसा देश भर में आपके सामने है।
6.लडकी हूं लड़ सकती हूं, का नारा देने वाली प्रियंका गांधी जी, आप अपनी ही पार्टी की नेत्री और कांग्रेस उम्मीदवार रहीं दलित लड़की अर्चना गौतम की लड़ाई में क्यों साथ नहीं दे रही हैं? अर्चना गौतम के पिता ने अपनी बेटी के साथ आपके (प्रियंका गांधी के) सचिव संदीप कुमार द्वारा किये गए दुर्व्यवहार, जातिसूचक गाली देने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।

7.दलित नेत्री अर्चना गौतम के साथ यह दुर्व्यवहार रायपुर में ही कांग्रेस के अधिवेशन के दौरान हुआ था। अपनी ही पार्टी की नेत्री के खिलाफ अपने नजदीकी सचिव द्वारा किये इस दुर्व्यवहार पर, दलित महिला के साथ हुए अन्याय पर प्रियंका गांधी जी आप क्यों चुप हैं? क्या आपकी सहमति से आपके सचिव ने यह अपराध किया है? क्या प्रियंका जी आपको अपनी नेत्री जो दलित महिला हैं, पर भरोसा नहीं है?

8.भूपेश सरकार के शासन काल में सबसे अधिक भरोसे का ही क़त्ल हुआ है। हास्यास्पद है कि प्रियंका गांधी जी आप कथित भरोसा सम्मेलन में ही आ रही हैं।

9. कांग्रेस महासचिव प्रियंका जी आपको बताना चाहिए कि जन घोषणा पत्र में किये वादे पर भरोसा करके जनता ने कांग्रेस को अपार बहुमत दिया, उस भरोसे का खून कर शराब की होम डिलीवरी करने वाले भूपेश बघेल के साथ आप क्या सलूक करना चाहेंगी?

10. छत्तीसगढ़ के बेरोजगार बहन-भाइयों का बेरोजगारी भत्ता गबन कर उनके भरोसे से खेलने वाली कांग्रेस सरकार भरोसे की बात कर रही है?

11. प्रदेश में क़ानून व्यवस्था की स्थिति बदतर है। पिछले 4 साल में यहां दुष्कर्म के हज़ारों मामले दर्ज किये गए हैं. ऐसी भी हज़ारों वारदात हैं, जिन्हें दर्ज ही नहीं किया गया है। 4000 से ज्यादा नाबालिगों के साथ दुष्कर्म, 6000 से ज्यादा युवतियों का अपहरण हुआ। प्रदेश भर में ह्त्या, लूट, अपहरण, तस्करी, मानव तस्करी की वारदातों ने हमें शर्मसार किया है। अनेक जघन्य मामलों में तो कांग्रेस के नेतागण सीधे तौर पर लिप्त रहे हैं।

12. प्रदेश में 26 हजार से अधिक लोगों ने आत्महत्या कर ली है.।इसमें 10 हजार से अधिक युवती-युवा थे जिन्होंने रोजगार आदि की कमी के कारण आत्महत्या किया है? कांग्रेस द्वारा जन घोषणा पत्र में किये 10 लाख रोजगार और बेरोजगारी भत्ता देने के वादे पर किये गए भरोसे का क़त्ल करने, ऐसे विश्वासघात के लिए अपने कार्यकर्ता भूपेश बघेल को पद से हटाएँगी?

13.राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले कोरवा जनजाति के पूरे परिवार ने सामूहिक आत्महत्या कर ली. क्या प्रियंका जी आप उनके घर संवेदना व्यक्त करने जायेंगी ?

14. कांग्रेस सरकार ने 16 लाख परिवार के सर से छत छीन कर उन्हें पीएम आवास से वंचित किया है। महिलाओं के भरोसे के साथ हुए खिलवाड़ के इसी अपराधबोध में जन घोषणा पत्र के संयोजक रहे टी. एस. सिंहदेव ने विभाग भी छोड़ दिया। क्या प्रियंका जी आप इस टूटे भरोसे को बहाल कर पाएंगी ?

अपेक्षा है कि आप अपने प्रभाव का उपयोग करते हुए छत्तीसगढ़ की महिलाओं को उत्पीड़न से बचाने अपनी सरकार को बाध्य करेंगी और अपने वाक्य के अनुसार छत्तीसगढ़ की लड़कियों के हक में लड़ेंगी।