Home क्षेत्रीय खबरें / अन्य खबरें उत्कृष्ट कार्य के लिए बस्तर जिला रेडक्रॉस सोसायटी को मिला प्रथम पुरस्कार,अलेक्जेंडर...

उत्कृष्ट कार्य के लिए बस्तर जिला रेडक्रॉस सोसायटी को मिला प्रथम पुरस्कार,अलेक्जेंडर चेरियन, हरेंद्र पाणिग्राही और डॉ देवकांत चतुर्वेदी हुए पुरस्कृत, राज्यपाल सुश्री अनुसूईया उइके ने किया सम्मानित

388
0

जगदलपुर।कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री रजत बंसल के नेतृत्व में लगातार मानव सेवा का कार्य कर रही इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की बस्तर शाखा ने आज फिर से कीर्तिमान रच दिया जब प्रदेश की राज्यपाल सुश्री अनुसूईया उइके द्वारा कोरोना काल के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। यह पुरस्कार कलेक्टर श्री रजत बंसल की ओर से अपर कलेक्टर श्री अरविंद एक्का ने प्राप्त किया।

इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य हेतु श्रेष्ठ अधिकारी का पुरस्कार श्री अलेक्जेंडर एम. चेरियन, जिला स्तर पर श्रेष्ठ वालेंटियर्स का पुरस्कार श्री हरेंद्र पाणिग्राही और डॉ देवकांत चतुर्वेदी को प्रदान किया गया। कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री रजत बंसल ने इस सफलता के लिए बधाई देने के साथ ही निरंतर मानव सेवा का कार्य उत्कृष्टता के साथ करने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष सुश्री अनुसुईया उइके ने आज राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के राज्यपाल सम्मान समारोह में सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए बस्तर जिले को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया।

इस अवसर पर सुश्री उइके ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी निःस्वार्थ मानव सेवा का सर्वोत्तम प्लेटफॉर्म है। कोविड-19 के समय रेडक्रॉस सोसायटी के वालेंटियरों ने जोखिम भरी परिस्थितियों में जिस समर्पण भाव से काम किया वह काबिले तारिफ है। रेडक्रॉस सोसायटी मानव सेवा को अपना मूल मंत्र मानकर कार्य करता है। रेडक्रॉस का नाम लेते ही सबसे पहले मन में दीनदुखियों और पीड़ितों की सेवा करने वाली तस्वीर उभर कर आ जाती है। रेडक्रॉस सोसायटी ने पूरे विश्व में प्राकृतिक आपदाओं तथा युद्ध इत्यादि के समय सेवा कर मानवीय सेवा भावना का अतुलनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।