Home राजनीति पुतला दहन मामला: भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर भड़के वरिष्ठ...

पुतला दहन मामला: भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर भड़के वरिष्ठ नेता,  जताई आपत्ति और  कहा-कांग्रेस कर रही है बदलापुर की राजनीति, तीन महीनों में ये हाल है तो 5 साल में पता नहीं हमारे साथ क्या होगा

329
0

जगदलपुर। राज्य के राजस्व आपदा मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा आदिवासी सांसद व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी के उपनाम को लेकर विवादित बयानबाजी के बाद बुधवार को युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को मंत्री का पुतला दहन करना महंगा पड़ गया। आचार संहिता के उल्लंघन के चलते पुलिस ने तत्काल युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर 8 धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया। आज सुबह 15 लोगों में से सिर्फ 9 लोगों की ही गिरफ्तारी हो सकी जिन पर धारा 143, 147, 148, 149, 150, 285, 341 और 188 के तहत मामला दर्ज किया गया। युवा मोर्चा के 9 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहाँ वरिष्ठ अधिवक्ता संकल्प दुबे सहित अन्य अधिवक्ताओं ने मामले की पैरवी की और उक्त 9 लोगों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

कांग्रेस पर लगाए गम्भीर आरोप
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद भाजपा के पूर्व विधायक संतोष बाफना, प्रदेश महामंत्री किरण देव, लच्छुराम  कश्यप, श्रीनिवास मद्दी, शेषनारायण तिवारी, संजय पांडे सहित भाजपा के कद्दावर नेता थाने पहुंचे। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस बदलापुर की राजनीति कर रही है। तीन महीनों में ये हाल है तो 5 साल में पता नहीं हमारे साथ क्या होगा। 20-20 पुलिसवाले हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार कर थाने लेकर आये।   आचार संहिता के उल्लंघन की धारा तक तो ठीक है लेकिन अन्य धाराओं को लेकर हमारी आपत्ति है। ऐसा कोई गम्भीर अपराध हमारे कार्यकर्ताओं ने नहीं किया जो उक्त धाराएं लगाई गई हैं। सारा काम कांग्रेसी नेताओं के इशारे पर हो रहा है

पुलिस निष्पक्ष होकर काम करती है-एएसपी
पुलिस के द्वारा लगाई गई धाराओं पर भाजपा नेताओं की आपत्ति पर एएसपी संजय महादेवा ने मीडिया को बताया कि आचार संहिता का उल्लंघन भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया इसलिए उनकी गिरफ्तारी की गई है। मामले के मुताबिक ही धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस हमेशा अपना काम निष्पक्ष होकर करती है।