Home राजनीति कांग्रेस ने आदिवासियों व गरीबों को छला है, जनता जवाब देने को...

कांग्रेस ने आदिवासियों व गरीबों को छला है, जनता जवाब देने को तैयार – महेश कश्यप

61
0

जगदलपुर।बस्तर लोकसभा चुनाव में मतदान को 18 दिन शेष बचे है। बस्तर सांसद निर्वाचित होने के लिये 11 उम्मीदवार चुनावी समर में है। बढ़ती गर्मी के साथ चुनावी प्रचार प्रसार का शोर भी बढ़ता जा रहा है। सर्वप्रथम प्रत्याशी घोषित करने का लाभ भाजपा को मिल रहा है। भाजपा ने नये चेहरे महेश कश्यप को बस्तर लोकसभा चुनाव मैदान में उतारा है।

भाजपा रणनीतिक रूप से बस्तर लोकसभा सीट पर फतह पाने पूरी ताकत झोंक रही है। भाजपा लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप ने सोमवार को कोण्डागांव व नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। भाजपा का पूरा ध्यान दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बना हुआ है। महेश कश्यप ने दोनों विधानसभा क्षेत्र के लगभग दो दर्जन गांवों में पहुँच कर कार्यकर्ताओं की बैठक ली और ग्रामीणों से भी जनसंपर्क किया। वहीं किबाई बालेंगा स्थित भोलेनाथ के मंदिर में पूजा अर्चना की और नारायणपुर में मावली मंदिर में मत्था टेक कर बस्तर व छत्तीसगढ़ वासियों की कुशलता के लिये कामना की।

महेश कश्यप ने कुम्हारपारा, मुंजमेटा,गढ़ बेंगाल सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ के आदिवासियों का कांग्रेस से मोह भंग हो गया है। कांग्रेस ने आदिवासियों व गरीबों को छलने का काम किया है। 60 वर्ष तक कांग्रेस ने देश की बागडोर संभाली लेकिन जनता के साथ धोखा व छलावा ही किया। देश की जागरूक जनता ने कांग्रेस को किनारे करने का मन बना लिया है। महेश कश्यप ने कहा कि बीते दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ा हैं। राष्ट्र के निरंतर विकास के साथ अनेकों जनकल्याण कारी योजनाओं का लाभ गरीब व साधारण परिवारों तक पहुँच रहा है। लगातार तीसरी बार केन्द्र में मोदी सरकार स्थापित करने भाजपा कार्यकर्ता काम करें।

नारायणपुर में दो दर्जन से अधिक लोगों ने भाजपा में प्रवेश किया। इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक लता उसेण्डी, नारायणपुर भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसाय सलाम, बृजमोहन अग्रवाल, संजय तिवारी, पंकज जैन, अभिषेक बेनर्जी, अशोक कर्मकार, मरणशील, रीता मण्डल, पुष्प लता मांझी, दौलतराम योगी, प्रितेश जैन आदि सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
_________________