Home राजनीति गुजरात प्रदेश भाजपा मुख्यालय में जलेबी से मुंह मीठा करवा मनाया हरियाणा...

गुजरात प्रदेश भाजपा मुख्यालय में जलेबी से मुंह मीठा करवा मनाया हरियाणा जीत का जश्न

3
0

अहमदाबाद | हरियाणा में लगातार तीसरी बार प्रचंड जीत के बाद देशभर में भाजपा जश्न मना रही है| गुजरात प्रदेश भाजपा मुख्यालय कमलम में जलेबी खिलाकर नेता और कार्यकर्ताओं ने हरियाणा जीत की एक-दूसरे को बधाई दी| इस मौके पर गुजरात प्रदेश भाजपा प्रमुख और केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटील जलेबी बनाते नजर आए| आमतौर पर जीत के बाद लड्डू या अन्य मीठाइयां बांटी जाती हैं, लेकिन हरियाणा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी के एक बयान ने जलेबी की मानो अहमियत बढ़ा दी| हांलाकि जलेबी वाले बयान के बाद राहुल गांधी काफी ट्रोल हुए| दरअसल हरियाणा के गोहाना में आयोजित एक चुनावी सभा के दौरान कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने राहुल गांधी को मातूराम की बड़ी जलेबियों का डिब्बा भेंट किया था| जिसके बाद राहुल गांधी ने मंच से ही इन जलेबियों की सराहना की और इनके निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की| राहुल गांधी ने चुनावी सभा के मंच से जब इन जलेबियों के किसी बड़े कारखाने में तैयार किए जाने और हजारों लोगों को रोजगार मिलने के साथ ही देश-विदेश में निर्यात करने पर फोकस किया तो उन्हें खूब ट्रोल किया गया| आज हरियाणा में शानदार जीत के बाद भाजपा ने भी लड्डुओं की बजाए जलेबी से मुंह मीठा कराया| गुजरात भाजपा प्रमुख और केन्द्रीय मंत्री सीआर पाटील कमलम में जलेबी बनाते नजर आए| इस मौके पर गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे| सभी एक-दूसरे को जलेबी खिलाकर हरियाणा में मिली प्रचंड जीत की बधाई दी|