Home देश – विदेश मुम्बई हमले के आतंकियों के बारे में सूचना देने पर अमेरिका देगा...

मुम्बई हमले के आतंकियों के बारे में सूचना देने पर अमेरिका देगा 35 करोड़ रुपए का इनाम

245
0

 

वॉशिंगटन। मुंबई आतंकी हमले से जुड़े लोगों की सूचना देने वालों को अमेरिका 35.5 करोड़ रुपए (50 लाख डॉलर) का इनाम देगा। अमेरिकी विदेश मंत्री माइकल आर पोम्पियो ने रविवार को इसका ऐलान किया। जो भी व्यक्ति हमले की योजना बनाने वाले या इसमें मदद करने वाले की जानकारी देगा उसे पुरस्कार मिलेगा।

पोम्पियो ने कहा कि अमेरिकी सरकार और सभी नागरिकों की ओर से मैं भारत और मुंबई शहर के प्रति हमदर्दी जता रहा हूं। आतंकी हमले में अपनों को खोने वाले परिवारों और उनके दोस्तों के साथ हम खड़े हैं। इसमें छह अमेरिकी नागरिकों की भी जान गई थी। 26/11 के आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को दहला दिया था। पीड़ित परिवारों के लिए यह बेहद दुख की बात है कि हमले की योजना में शामिल लोगों के खिलाफ 10 साल बाद भी कार्रवाई नहीं हो पाई है।

ज्ञात हो कि 26 नवंबर 2008 को 10 आतंकी कराची से समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे थे। उन्होंने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, ताज होटल, ट्राइडेंट होटल और यहूदी केंद्र पर हमला किया था। इसमें 166 लोग मारे गए थे। इनमें 28 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। करीब 60 घंटे मुठभेड़ चली थी। एक आतंकी कसाब को जिंदा पकड़ा गया था।